22 अक्टूबर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

मधुमक्खी के हमले से व्यापारी की मौत, कई लोग घायल

शेयर करें

OM Darpan

Feb 05, 2025 07:04 am 608 views
मधुमक्खी के हमले से व्यापारी की मौत, कई लोग घायल
अंबिकापुर। रामानुजगज नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी सुरेश गुप्ता (50) की मधुमक्खी के हमले से दुखद मौत हो गई है। इस घटना ने नगर में शोक की लहर दौड़ दी है। पिछले दो दिनों में मधुमक्खियों के हमले से 10 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें से तीन का इलाज 100 बिस्तर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सुरेश गुप्ता होटल के पास खड़े थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन्हें काट लिया। सुरेश गुप्ता ने खुद अपनी बाइक से अस्पताल पहुंचकर इलाज करवाया। अस्पताल में उनके साथ मौजूद नेत्र सहायक मनोज उपाध्याय ने उनका हालचाल लिया और एक डंक भी निकाला। इस दौरान सुरेश गुप्ता पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य दिख रहे थे। उन्होंने अस्पताल में पर्ची कटवाई और इलाज शुरू करवाया, लेकिन 11:35 बजे उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। सुरेश गुप्ता की मृत्यु के बाद नगर में शोक का माहौल बन गया, और बड़ी संख्या में शुभचिंतक अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे।
मधुमक्खियों का आतंक: नगर में मधुमक्खियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जलकेश्वर क्षेत्र में बने मधुमक्खी के छत्ते से बार-बार मधुमक्खियां भड़क रही हैं, जिससे 100 बिस्तर अस्पताल और आसपास के इलाकों में कई लोग मधुमक्खियों की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार सुबह भी मधुमक्खियों ने कई लोगों पर हमला किया। इस हमले में 17 वर्षीय छात्रा स्नेहा पासवान, होटल संचालक राजेश कश्यप (64) और श्रद्धा गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग: घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी रमन अग्रवाल, मधु गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रमन अग्रवाल ने कलेक्टर से बातचीत कर मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से उचित कदम उठाने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Tags

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
261022235634143

विज्ञापन

Advertisement