पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगदलपुर में हंगामा: सवा लाख दीयों के उत्सव पर भिड़े भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता
OM Darpan
सवा लाख दीये जलाने की तैयारी के बीच दुकानदारों को हटाने पर हुआ विरोध, जमकर हुई झूमा-झटकी
✍️ विशेष संवाददाता
जगदलपुर | जगदलपुर के सिरहासर चौक दंतेश्वरी मंदिर मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर भारी बवाल हो गया। भाजपा ने गुरुवार शाम यहां सवा लाख दीये जलाने की योजना बनाई थी, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप दिन में ही जगदलपुर पहुंच गए थे। कार्यक्रम की तैयारियों के बीच कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन स्थल के चयन पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप था कि इस मार्ग पर काम करने वाले दुकानदारों को कार्यक्रम के लिए हटाना अनुचित है।
विरोध के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद काफी बढ़ गया और देखते ही देखते मौके पर झूमा-झटकी की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के बीच काफी समय तक खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। भाजपा नेताओं ने राजनीतिक विरोध के नाम पर अभद्रता करने का आरोप लगाया, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस आयोजन को दलपत सागर की विफलताओं को छिपाने का प्रपंच करार दिया। शहर के व्यस्त इलाके में हुए इस विवाद के कारण काफी समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन