बारीउमराव में घर-घर पहुंचा नल, जल जीवन मिशन से बदली ग्रामीणों की तस्वीर
OM Darpan
✍️ विशेष संवाददाता
पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बारीउमराव में जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधा सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आया है। योजना के तहत गांव के शत-प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीणों को अब घर बैठे ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। घर के आंगन तक पानी पहुंचने से ग्रामीण परिवारों के दैनिक जीवन में सुविधा, समय की बचत और राहत का नया अध्याय जुड़ा है।
इस मिशन के क्रियान्वयन से पहले बारीउमराव के ग्रामीणों को पेयजल और घरेलू जरूरतों के लिए दूर स्थित हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेषकर गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने के साथ हैंडपंपों पर लंबी कतारें लगती थीं। कई बार हैंडपंप खराब होने की स्थिति में ग्रामीणों को दूसरे स्थानों से पानी लाना पड़ता था, जिसमें काफी समय और श्रम खर्च होता था। इस व्यवस्था के कारण महिलाओं और बच्चों को भी पानी के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ता था।
हैंडपंपों की लंबी कतारों से मिली मुक्ति
ग्राम निवासी करम दास ने बताया कि पहले पीने और रोजमर्रा के कामों के लिए पानी लेने घर से दूर स्थित हैंडपंप पर जाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में घंटों इंतजार करना पड़ता था और हैंडपंप खराब होने पर भारी परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि अब घर में नल कनेक्शन लगने के बाद परिस्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं। अब घर पर ही नियमित पानी मिल रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है और परिवार के सदस्य अन्य जरूरी कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रहे हैं।
घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से ग्रामीणों की स्थानीय जलस्रोतों और हैंडपंपों पर निर्भरता कम हुई है। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिल रहा है। कभी पानी के लिए लंबी दूरी तय करने वाले परिवार अब अपने घर में ही नल खोलकर पानी प्राप्त कर रहे हैं, जो उनके जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रहा है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन