जरूरतमंदों की मदद के लिए केशरवानी समाज ने बनाया आपदा राहत कोष
OM Darpan

महर्षि कश्यप जयंती पर आयोजित समारोह में समाज की आर्थिक उन्नति और शिक्षा पर दिया जोर।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ केशरवानी समाज दुर्ग भिलाई ने रविवार को महर्षि कश्यप जयंती धूमधाम से मनाई। दुर्ग स्टेशन के सामने इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित इस बैठक में समाज की उन्नति और आर्थिक सहायता के लिए वेलफेयर ट्रस्ट व आपदा राहत कोष की घोषणा की गई।

सामाजिक एकता और आर्थिक उन्नति पर दिया जोर
प्रदेश अध्यक्ष निलेश गुप्ता ने सामाजिक एकता, शिक्षा और आर्थिक विकास पर बल दिया। उन्होंने बताया कि आपदा राहत कोष के माध्यम से समाज के कमजोर तबके और जरूरतमंद बच्चों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपाध्यक्ष घनश्याम केशरवानी ने समाज को संगठित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान संरक्षक सूर्यकांत गुप्ता और डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारियों के सेवा कार्यों की सराहना की।
समाज के तीन सदस्यों ने ली आजीवन सदस्यता
केशरवानी छत्तीसगढ़ वेलफेयर ट्रस्ट के आह्वान पर सेवानिवृत्त जीएसटी अधिकारी सूर्यकांत गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर प्रफुल्ल कुमार गुप्ता और बीएसपी अधिकारी स्वयं प्रकाश गुप्ता ने 25-25 हजार रुपये की राशि दी। तीनों सदस्यों ने ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता ग्रहण की।
ट्रस्ट में सारिका गुप्ता, पद्मिनी और मुकेश गुप्ता पहले से सक्रिय सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। कार्यक्रम के दौरान समाज के अध्यक्ष निलेश गुप्ता और उपाध्यक्ष घनश्याम केशरवानी ने तहसीलदार से डिप्टी कलेक्टर बने प्रफुल्ल कुमार गुप्ता का सम्मान किया।
प्रतिभावान बच्चों को प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित
कोरबा में आयोजित प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह में जो प्रतिभावान बच्चे शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें इस मंच के माध्यम से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में अपूर्वा गुप्ता, प्रणव गुप्ता, आयुषी गुप्ता और अर्चना गुप्ता शामिल रहीं।
कार्यक्रम का संचालन संगीता केशरवानी ने किया। इस दौरान समाज की बालिकाओं ने गणेश वंदना और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी। आयोजन आनंद गुप्ता और सारिका गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन