प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल और नशामुक्ति पर दिया संदेश, रायपुर में वित्त मंत्री ने सुनी मन की बात
OM Darpan
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान को राष्ट्रीय पहचान मिली है। रायपुर स्थित अपने निवास पर कार्यक्रम सुनते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने पर भारतीय सेना के वीर जवानों के शौर्य को याद करने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने के लिए ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ पर विशेष जोर दिया।
छत्तीसगढ़ के 'मुनगा' की गूंज
प्रधानमंत्री मोदी ने पोषण माह का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे पौष्टिक मुनगा (मोरिंगा) प्रोत्साहन अभियान की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को मुनगा को अपने खान-पान में शामिल करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राज्य के प्रयासों का उल्लेख करना गर्व की बात है। पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में यह अभियान समाज में बड़े बदलाव का माध्यम बन रहा है।
शौर्य और नशामुक्ति का आह्वान
संबोधन के दौरान सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने पर सेना के साहस को सलाम किया गया। प्रधानमंत्री ने देश की युवा शक्ति को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने के लिए ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ से जुड़ने का आह्वान किया। वित्त मंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे प्रेरक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के साथ राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के संकल्पों को नई ऊर्जा दे रहा है। संवाद के इस सशक्त माध्यम से समाज में सेवा और सहभागिता की भावना प्रबल हुई है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन