रायपुर में सेरेब्रल पाल्सी पीड़ित बालिकाओं को मिलीं विशेष सी.पी. चेयर
OM Darpan
फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर माना कैम्प की पहल से बच्चों का दैनिक जीवन होगा आसान
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर। रायपुर के माना कैम्प स्थित फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर ने बहु दिव्यांग बालिका गृह में निवासरत सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों के लिए उनकी विशेष आवश्यकताओं के अनुरूप सी.पी. चेयर (Cerebral Palsy Chair) उपलब्ध कराई है। यह विशेष चेयर बच्चों को बैठने के दौरान जरूरी सहारा और स्थिरता प्रदान करने के साथ भोजन, अध्ययन और अन्य दैनिक गतिविधियों को सहज बनाने में मदद करेगी।
सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित बच्चों को शरीर की सही स्थिति बनाए रखने और लंबे समय तक सुरक्षित व आरामदायक तरीके से बैठने में कठिनाई होती है। बच्चों की शारीरिक जरूरतों के आधार पर तैयार की गई यह सी.पी. चेयर उन्हें उचित पोस्चर सपोर्ट प्रदान करती है। इससे बच्चों को दैनिक कार्यों में बेहतर सहभागिता के अवसर मिलेंगे और उनकी पुनर्वास प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।
जरूरतों के अनुसार मॉडिफाइड की दी गई चेयर
फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर द्वारा बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं का आकलन कर उनके लिए विशेष मॉडिफाइड सी.पी. चेयर तैयार की गई है। यह चेयर बच्चों को सही पोस्चर बनाए रखने और शरीर को स्थिरता देने में सहयोग करेगी। यह पहल दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
अनुकूल सुविधाएं मिलने से बच्चों में आत्मविश्वास विकसित होगा और उनकी दैनिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ेगी। बहु दिव्यांग बालिका गृह में इन उपकरणों की उपलब्धता बच्चों की गरिमा, सुविधा और बेहतर जीवन की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस प्रकार की संवेदनशील पहल समावेशी समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन