दुर्ग में जल संकट: पानी की आपूर्ति न होने से नाराज भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन
OM Darpan
Jul 26, 2024 07:28 pm
309 views
26 Jul 2024
दुर्ग: शहर में विगत 5 दिनों से भारी बरसात के बीच जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी की आपूर्ति ठप्प होने से परेशान जनता की समस्याओं को लेकर आज भाजपा पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय में महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने आयुक्त कार्यालय के पोर्च में बैठकर प्रदर्शन किया और मेयर बाकलीवाल व अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन लेने पहुंचे कमिश्नर लोकेश चंद्राकर को जमकर खरी-खोटी सुनाई गई। पार्षदों ने जल संकट के अलावा स्ट्रीट लाइट बंद होने और राशन कार्ड जैसे मुद्दों को भी उठाया। आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि पानी की आपूर्ति शुक्रवार सुबह तक सामान्य हो जाएगी और बाकी मुद्दों का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। शहर में शिवनाथ नदी में बाढ़ के चलते पिछले पांच-छह दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। पुलंगव नाला में जमी जलकुंभी और पन्नी झिल्ली के बाढ़ में बहने के कारण सायफन में बार-बार कचरा जमा हो रहा है, जिससे फिल्टर प्लांट तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है और बड़ी टंकियों में पानी नहीं भरा जा रहा है। इस स्थिति से नाराज भाजपा पार्षदों ने सत्तारूढ़ कांग्रेस परिषद को गैर जिम्मेदार बताते हुए महापौर के खिलाफ नारेबाजी की और निगम प्रशासन को पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करने का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, उप नेता प्रतिपक्ष देवनारायण चंद्राकर, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, पार्षद काशीराम कोसरे, चंद्रशेखर चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, शिवेंद्र परिहार, मनीष साहू, अजीत वैद्य, कविता तांडी, चमेली साहू, लीना दिनेश देवांगन, कुमारी बाई साहू, कमल देवांगन, हेमंत मटियारा, हेमा जगदीश शर्मा, राकेश भारती, पुष्प गुलाब वर्मा, योगेंद्र साहू सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
- आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 3 दिनों में समस्या समाधान की मांग, उग्र प्रदर्शन की चेतावनी
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन