भगिनी प्रसूति सहायता योजना: जगदलपुर की पुष्पलता को मिले 20 हजार, बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सहेजी राशि
OM Darpan
जगदलपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों का बड़ा आर्थिक संबल बन रही हैं। इसका सशक्त उदाहरण बस्तर जिले के जगदलपुर में देखने को मिला, जहां श्रमिक परिवार की पुष्पलता यादव को ‘भगिनी प्रसूति सहायता योजना’ के तहत दूसरे प्रसव पर 20 हजार रुपए की आर्थिक मदद मिली है। पुष्पलता ने इस सहायता राशि को खर्च करने के बजाय अपने बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य (शिक्षा व स्वास्थ्य) के लिए बचाकर रखा है।
आंगनबाड़ी के सहयोग से कराया पंजीयन
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली पुष्पलता के पति ट्रक चालक हैं। वे खुद सिलाई और मजदूरी कर परिवार चलाने में मदद करती हैं। सीमित आय के कारण बच्चों की जरूरतें पूरी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण था। शुरुआत में उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी, लेकिन एक दिन कलेक्टर कार्यालय के दौरे में उन्हें इसके बारे में पता चला। इसके बाद स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मार्गदर्शन में उन्होंने अपना श्रमिक पंजीयन कराया। कार्ड बनते ही योजना के तहत उनके खाते में 20 हजार रुपए की राशि आ गई।
अन्य महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
मातृत्व काल में मिली इस आर्थिक सहायता को पुष्पलता श्रमिक महिलाओं के लिए बड़ी राहत मानती हैं। शासन व जिला प्रशासन का आभार जताते हुए उनका कहना है कि यह राशि उनके लिए केवल मदद नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की नई उम्मीद है। योजना का लाभ मिलने से उत्साहित पुष्पलता अब अपने आसपास की अन्य पात्र महिलाओं को भी श्रमिक पंजीयन कराने, दस्तावेज तैयार रखने और आंगनबाड़ी के माध्यम से आवेदन करने के लिए लगातार जागरूक कर रही हैं।
जरूरी खबरें
विज्ञापन