अमित शाह का विपक्ष पर हमला, बोले 30 साल तक नहीं बनेगी सरकार
OM Darpan
नई दिल्ली। चुनाव आयोग के मुद्दे पर जारी घमासान और राष्ट्रीय राजधानी में विपक्ष के हालिया प्रदर्शनों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि केवल धरना-प्रदर्शन करने से कुछ हासिल नहीं होगा, बल्कि इसके लिए जनता के दुख-दर्द को समझना पड़ता है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाले आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि अगले 30 वर्षों तक विपक्ष की सत्ता में वापसी नहीं होने वाली है।
विपक्ष के दोहरे मापदंडों पर उठाया सवाल चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष के लिए चुनाव आयोग और अदालतें तभी अच्छी होती हैं, जब फैसले उनके पक्ष में आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु (जहां विपक्ष समर्थित दल जीते) में उन्हें जीत मिलती है, तो यही मतदाता सूची, यही चुनाव आयोग और यही ईवीएम बिल्कुल सही लगते हैं। लेकिन जहां हार जाते हैं, वहां चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगते हैं। शाह ने स्पष्ट किया कि इस तरह के दोहरे मापदंड अब देश में नहीं चलेंगे।
हर छह महीने में विदेश जाने वाले क्या जानेंगे गौरतलब है कि पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुराने बयानों का हवाला देते हुए पूछा था कि भाजपा नेताओं को पहले से कैसे पता होता है कि वे लंबे समय तक सत्ता में रहेंगे। इसका करारा जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि उन्हें हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। वे यहीं जन्मे हैं और हमेशा देश की जनता के बीच ही रहते हैं।
हाल ही में राहुल गांधी के कथित वियतनाम दौरे की मीडिया रिपोर्ट्स का जिक्र करते हुए शाह ने उन पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप विदेश में बिना बताए क्यों बैठे हैं, यह आपकी निजी जिंदगी हो सकती है, लेकिन एक बार जब आप दिल्ली लौटेंगे, तो यह जान लें कि 2014 से लेकर अगले 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनने वाली है। शाह ने कहा कि आसपास के प्रदेशों से कार्यकर्ता इकट्ठा करके दिल्ली में प्रदर्शन करने से वास्तविक जनादेश को झुठलाया नहीं जा सकता।
जहां चुने गए हैं वहां काम करें, वरना बचा-खुचा भी चला जाएगा अपने संबोधन के अंत में गृह मंत्री ने विपक्ष को नसीहत दी कि राजनीतिक हथकंडों और भीड़तंत्र से कुछ हासिल नहीं होगा। यदि चुनाव जीतना है तो लोगों के बीच रहें और उनकी समस्याओं को सुलझाएं। उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर जनता ने विपक्ष को चुना है, वहां अव्यवस्था दूर करने के लिए योजनाएं लाएं और काम करें। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो आने वाले समय में उनका बचा-खुचा जनाधार भी पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन